Rajasthan JJM Scam : संजय बड़ाया को दिल्ली एयरपोर्ट पर एसीबी ने हिरासत में लिया, जयपुर लेकर आ रही है टीम

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संजय बड़ाया को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बड़ाया को हिरासत में लेकर एसीबी की टीम जयपुर के लिए रवाना हो गई है। संजय बड़ाया एक शादी में थाईलैंड गया हुआ था।
बताया जा रहा है कि बड़ाया की गिरफ्तारी के लिए एसओजी ने लुक आउट नोटिस जारी करवा रखा था। जैसे ही वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा, डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में तैनात एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई डीजी गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई। टीम में एसपी महावीर प्रसाद शर्मा, एसपी भूपेंद्र सिंह और एसपी हिमांशु, कुलदीप सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
सूत्रों के मुताबिक, संजय बड़ाया पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी से दो दिन पहले ही विदेश चला गया था, जिसके चलते वह पहले गिरफ्त में नहीं आ सका। उस पर आरोप है कि वह कथित रूप से जोशी के लिए लेन-देन से जुड़ी रकम जुटाने में भूमिका निभा रहा था।
वहीं, एसीबी द्वारा गिरफ्तार पूर्व मंत्री महेश जोशी से रिमांड के दौरान लगातार पूछताछ जारी रही। अधिकारियों के अनुसार उनसे फर्जीवाड़े, ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों से कथित रूप से वसूली गई रकम को लेकर सवाल किए गए। हालांकि जोशी ने फर्जीवाड़े के संबंध में फाइल नीचे अधिकारियों से उनके पास पहुंचना बताया, जिसे उन्होंने एप्रूव की।।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को महेश जोशी को एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि करीब 960 करोड़ रुपये के जेजेएम घोटाले में एसीबी ने 7 मई को महेश जोशी को गिरफ्तार किया था।