राजस्थान: नए साल से पहले कैबिनेट की अहम बैठक, चुनाव में दो संतान के नियम में छूट मिलने पर हो सकता है फैसला

post 914 (1)

राजस्थान: नए साल से पहले कैबिनेट की अहम बैठक, चुनाव में दो संतान के नियम में छूट मिलने पर हो सकता है फैसला

Rajasthan Cabinet Meeting: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार शाम राज्य मंत्रिमंडल की अहम बैठक आयोजित होगी, जिसके बाद मंत्रिपरिषद की बैठक भी प्रस्तावित है। नए साल से पहले होने जा रही इस बैठक में कई बड़े नीतिगत फैसलों पर मुहर लग सकती है। सरकार पंचायत चुनावों में लागू दो संतान नियम में छूट देने पर मंथन कर रही है, जिस पर कैबिनेट में चर्चा संभव है। इसके साथ ही युवा नीति को मंजूरी मिलने और सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भू-आवंटन से जुड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। कैबिनेट बैठक का एजेंडा मंगलवार दोपहर तक अंतिम रूप लेगा।

दो संतान नियम पर फैसला?

बैठक में यह अहम सवाल उठ सकता है कि पंचायत चुनावों में लागू दो संतान नियम में बदलाव होगा या नहीं। वर्तमान नियम के तहत 1 जून 1995 के बाद दो से अधिक संतान होने पर व्यक्ति पंच, सरपंच, प्रधान या जिला परिषद सदस्य का चुनाव नहीं लड़ सकता। वहीं, चुनाव जीतने के बाद तीसरी संतान की जानकारी छिपाने पर पद से हटाने का प्रावधान है। यदि इस नियम में छूट दी जाती है, तो आगामी पंचायत चुनावों की तस्वीर बदल सकती है।

युवा नीति को मिल सकती है हरी झंडी:-

कैबिनेट बैठक में राजस्थान की युवा नीति को मंजूरी मिलने की भी संभावना है। यह नीति युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने पर केंद्रित है। हाल ही में राजस्थान युवा नीति-2025 की अधिसूचना जारी की गई थी, जिसका उद्देश्य युवाओं के समग्र विकास को बढ़ावा देना है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक भागीदारी जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

सौर ऊर्जा को बढ़ावा:-

बैठक में सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन को लेकर भी अहम निर्णय हो सकते हैं। इससे राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ बिजली उत्पादन क्षमता में इजाफा होने की उम्मीद है।

You may have missed