Rajasthan : अवैध नशे की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 60 करोड़ रुपए का केमिकल जब्त, केमिकल इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
Rajasthan : अवैध नशे की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 60 करोड़ रुपए का केमिकल जब्त, केमिकल इंजीनियर समेत तीन गिरफ्तार
Rajasthan News : भिवाड़ी के कहरानी औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से नशीली और एंग्जायटी की दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री का पुलिस ने खुलासा किया है। जयपुर एसओजी, गुजरात एटीएस और भिवाड़ी फेज-तृतीय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों पर बीते छह महीनों से अवैध नशीली दवाओं का निर्माण कर बाजार में सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार अब तक करीब 14 करोड़ रुपये का माल खपाया जा चुका था। मौके से नशीली दवाएं बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

तीन दिन पहले बदली थी फैक्ट्री की लोकेशन:-
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में किराए की फैक्टरी चला रहे थे, जिसे तीन दिन पहले कहरानी औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट किया गया था। पुलिस अब कच्चे माल की सप्लाई और तैयार माल की बिक्री नेटवर्क की जांच कर रही है।
दो आरोपी केमिकल इंजीनियर:-
पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आगरा निवासी अंशुल शास्त्री, वाराणसी निवासी अखिलेश मौर्य और कृष्ण यादव शामिल हैं। इनमें अंशुल शास्त्री और अखिलेश मौर्य पेशे से केमिकल इंजीनियर हैं और पहले प्रतिष्ठित कंपनियों में उच्च पदों पर कार्य कर चुके हैं, जबकि कृष्ण यादव निर्माण कार्य में सहयोग करता था।
झोपडी में चल रही थी MD डग्स की फैक्ट्री:-
उधर, प्रतापगढ़ जिले के एक सुनसान इलाके में बनी झोपड़ी में चल रही एमडी ड्रग्स फैक्टरी का भी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 28.54 ग्राम एमडी, ड्रग्स बनाने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल जब्त कर करीम अजमेरी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फैक्टरी पिछले तीन महीनों से संचालित हो रही थी और यहां से दो बार पांच-पांच किलो एमडी बाहर भेजी जा चुकी है।
संपत्ति पहले ही की जा चुकी है फ्रीज:-
पुलिस के अनुसार इस फैक्टरी के मुख्य आरोपी हारून अजमेरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ धारा 68(एफ)(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।