Rajasthan: मामूली विवाद में पति बना कातिल, शराब के नशे में पत्नी की पत्थर मारकर हत्या

post 1524 (1)

राजसमंद। कुंभलगढ़, केलवाड़ा थाना क्षेत्र के तलादरी पंचायत अंतर्गत चदाणा का बाड़ा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने मामूली घरेलू विवाद में गुस्से में आकर अपनी पत्नी की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार चदाणा का बाड़ा निवासी नरीगराम भील ने देर रात शराब के नशे में अपनी 35 वर्षीय पत्नी केसी बाई से विवाद किया। पत्नी द्वारा शराब को लेकर टोका-टोकी करने पर झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने पास पड़े पत्थर से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई मृतका की सास के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।

बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी कई बार पत्नी के साथ मारपीट कर चुका था। घटना के समय शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कुंभलगढ़ डिप्टी एसपी ज्ञानेंद्र सिंह राठौड़ और केलवाड़ा थाना अधिकारी मन्मथ आढ़ा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर केलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मामले में मृतका के भाई, मजेरा निवासी शंकर लाल की रिपोर्ट पर आरोपी पति नरीगराम भील के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। मां की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और 12 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फोरेंसिक व एमओबी टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।