Crime News: पटाखों को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की लाठी-सरियों से पीट-पीटकर हत्या

Crime News: पटाखों को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की लाठी-सरियों से पीट-पीटकर हत्या
जयपुर। कालवाड़ थाना क्षेत्र के छत्रपति शिवाजी नगर में सोमवार रात पटाखे जलाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। बदमाशों ने युवक विनोद जोगी (30) पर लाठी, सरिए, पाइप और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता तैनात कर हालात पर नियंत्रण किया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे विनोद जोगी अपनी कार से घर लौट रहा था। ध्वजा धारी मंदिर के पास एक पटाखा उसकी कार के नजदीक फट गया, जिस पर उसने युवकों को सावधानी बरतने की नसीहत दी। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाधिकारी सुरेश सिंह ने बताया कि मृतक के खिलाफ पहले से चार-पांच आपराधिक मामले दर्ज थे। घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। इलाके में निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
मृतक के भाई सतीश योगी की रिपोर्ट पर पुलिस ने गोलू उर्फ गौतम समेत आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पटाखे का विवाद केवल बहाना था, जबकि असली कारण पुरानी रंजिश थी। उनका कहना है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से विनोद को घेरकर हमला किया।
पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं विनोद अपने पीछे छह माह का मासूम छोड़ गया है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया।