राजस्थान: नाकाबंदी तोड़कर भाग रही शराब तस्करों की कार पेड़ से टकराई, एक तस्कर की मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

Blotra-News

Rajasthan News: बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ANTF की टीम शराब से भरी कार का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पुलिस से बचने के प्रयास में तस्करों की कार आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार से अवैध शराब भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर ANTF टीम ने बागोड़ा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी करके संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद टीम ने पीछा शुरू किया और गुड़ामालानी पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस की नाकाबंदी की आशंका के चलते तस्करों ने रास्ता बदलकर लूणवा जागीर से डेडावास-भैडाणा मार्ग की ओर कार दौड़ा दी। आमलियाला गांव की सरहद में दोपहर करीब 12 बजे कार अनियंत्रित होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई।

हादसे में कार चालक पुनेश पुत्र लाधुराम, निवासी नारली नाड़ी, नगर (गुड़ामालानी), गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सांचौर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार प्रवीण कुमार विश्नोई, निवासी नगर (गुड़ामालानी), को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और उसमें भरी अवैध शराब जब्त कर ली है।

परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन:-

घटना के बाद मृतक के परिजन शव लेकर गुड़ामालानी थाने पहुंचे और एएनटीएफ टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग भी मौके पर जुट गए तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से समझाइश की।

सामने पिकअप आने से हुआ हादसा:- 

पीछा करने के दौरान आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर सामने से एक पिकअप वाहन आ गया। इससे कार चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन खेजड़ी के पेड़ से टकरा गया। टक्कर ड्राइवर साइड से होने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई की।

रमेश कुमार, एसपी, बालोतरा

You may have missed