बीकानेर: पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे सहित तीन की मौत, गांव में पसरा मातम

post 139 (1)

बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र के किरतासर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में खेत की पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। एक मासूम को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय मनोज पुत्र सेतानाराम नायक खेत में बनी डिग्गी से पानी निकाल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया।

मनोज को डूबता देख पास में मौजूद 15 वर्षीय नरेंद्र पुत्र अर्जुनराम नायक उसे बचाने के लिए डिग्गी में कूद गया, लेकिन डिग्गी में पानी का स्तर बहुत अधिक होने के कारण नरेंद्र भी खुद को संभाल नहीं पाया और वह भी डूबने लगा।

दोनों बच्चों को डूबता देख नरेंद्र की मां प्रेमा देवी (30) पत्नी अर्जुनराम भी उन्हें बचाने के लिए डिग्गी में उतर गईं। हालांकि, डिग्गी की गहराई और पानी का दबाव बहुत ज्यादा होने के कारण प्रेमा देवी भी दोनों बच्चों को बाहर निकालने में असफल रहीं और देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गए।

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कड़े प्रयासों के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला और अचेत अवस्था में तुरंत बीकानेर के पीबीएम (PBM) अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना स्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई गई। हादसे में मां-बेटा (प्रेमा देवी और नरेंद्र) सहित मनोज की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। एक ही परिवार के दो लोगों सहित तीन मौतों से किरतासर गांव के हर घर में चूल्हा तक नहीं जला है।

-अरविंद भारद्वाज, थानाधिकारी (सीआई), नोखा

You may have missed