बीकानेर: घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पत्नी पर लाठियों से पीटकर पति की हत्या का आरोप

post 137 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में सोमवार रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पत्नी ने लाठियों से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रात करीब 10 बजे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी।

वृताधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के कुन्तासर गांव निवासी 50 वर्षीय मूलाराम पुत्र हिराराम के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से हंसेरा गांव स्थित अपने ससुराल में घर-जमाई के तौर पर रह रहा था। सोमवार रात करीब 9 बजे घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान मूलाराम पर लाठियों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद आरोपी पक्ष ही घायल मूलाराम को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया तथा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया मृतक की पत्नी विद्या देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

You may have missed