खाजूवाला में पानी-बिजली की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

खाजूवाला। खाजूवाला के वार्ड नंबर 1 में पेयजल संकट, दूषित जलापूर्ति और बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर मंगलवार को महिलाओं एवं स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिलाएं उपखंड कार्यालय पहुंचीं और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र एवं स्थायी समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाएं गंदे और दूषित पानी से भरी बोतलें और मटकियां साथ लेकर पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन को घरों में सप्लाई हो रहे पानी की खराब गुणवत्ता दिखाई और नाराजगी जताते हुए कहा कि यह पानी पीने योग्य नहीं है। इस दौरान कुछ महिलाओं ने अधिकारियों से कहा, “साहब, आप भी पीकर देखिए”, जिससे उनकी नाराजगी साफ झलकती नजर आई।

ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड नंबर 1 में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति अनियमित बनी हुई है। पानी सप्लाई का कोई निश्चित समय नहीं है और कई बार देर रात जलापूर्ति की जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते कई परिवारों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि दूषित पानी के कारण बच्चों सहित अन्य लोगों के बीमार होने की घटनाएं बढ़ रही हैं। वहीं क्षेत्र में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है, जिससे विद्युत उपकरण प्रभावित हो रहे हैं। शनि मंदिर क्षेत्र में वोल्टेज लगातार कम रहने और पुराने बिजली तारों में खराबी के कारण कई बार घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम पंकज गढ़वाल ने संबंधित अधिकारीयों से जानकारी ली और जल अभियांत्रिकी विभाग व साफ सफाई के लिए नगरपालिका तथा विधुत विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त किया कि पेयजल समस्या और बिजली समस्या में सुधार के किए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।