बेकाबू कार ने स्कूल जा रहे छात्र को मारी टक्कर, वृद्ध माता-पिता के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत

बेकाबू कार ने स्कूल जा रहे छात्र को मारी टक्कर, वृद्ध माता-पिता के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत
बाड़मेर। सदर थाना इलाके के लूखू गांव में शनिवार सुबह बेकाबू स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे चल रहे 14 साल के स्कूली छात्र को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा करीब 15 फीट हवा में उछलकर गहरे गड्ढे में जा गिरा। जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी और खेत में रुकी। बाछड़ाऊ लूखू निवासी सुखदेव पुत्र उमाराम सुबह करीब 9 बजे घर से स्कूल के लिए निकला था। घर से स्कूल की दूरी करीब 2 किलोमीटर थी। वह स्कूल से करीब 500 मीटर पहले था। लूखू से शोभाला की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट ने उसे चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की स्पीड ज्यादा थी। ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद सुखदेव गड्ढे में गिरा। वह अचेत हो गया।
हादसे के बाद हरियाणा नंबर की स्विफ्ट का आगे का हिस्सा बिखर गया। कार में दो लोग सवार थे। दोनों घबराहट में कार छोड़कर भाग गए। कार में रखे मोबाइल फोन भी मौके पर छोड़ गए। पुलिस ने कुछ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन्हीं के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश हो रही है। सूचना पर बाछड़ाऊ चौकी से तेजाराम मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को निजी वाहन से धोरीमन्ना अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।