भतीजे ने चाचा का किया मर्डर, जमीनी विवाद में चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट

भतीजे ने चाचा का किया मर्डर, जमीनी विवाद में चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट
डूंगरपुर। डूंगरपुर में शहर के चांदपोल मोहल्ले में गुरुवार देर रात जमीनी विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि भतीजे ने अपने चाचा पर चाकू से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया है। चांदपोल मोहल्ला निवासी सलीम का अपने भतीजे से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार देर रात इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर भतीजे ने तैश में आकर चाचा सलीम पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक सलीम के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया है और उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।