NEET Paper Leak : राजस्थान में भाजपा के गढ़ में होगा ‘हल्ला बोल’, कांग्रेस ने लिया बड़ा फैसला

post 315 (1)

जयपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी (NEET-UG 2026) पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की कथित संलिप्तता का आरोप लगाते हुए 21 मई को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग भी उठाई है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

केंद्र सरकार और एनटीए को ठहराया जिम्मेदार:-

स्वर्णिम चतुर्वेदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि नीट-यूजी 2026 पेपर लीक देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है, जिसके लिए केंद्र सरकार और एनटीए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि नीट-2026 पेपर लीक प्रकरण में भाजपा नेताओं की कथित संलिप्तता सामने आई है। साथ ही आरोप लगाया कि जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी ने नीट-2025 का पेपर खरीदकर लीक कराया था, जबकि नीट-2024 परीक्षा में भी पेपर लीक की घटना सामने आई थी। इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से एनटीए के खिलाफ कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

चतुर्वेदी ने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने में गंभीर नहीं है और बार-बार सामने आ रहे मामलों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।

परीक्षाएं निरस्त होने के मामलों पर उठाए सवाल:-

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित कई परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षाएं निरस्त होने की घटनाओं की लंबी सूची मौजूद है, लेकिन भाजपा सरकार ने किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने नीट-2026 का पेपर लीक होने की जानकारी मिलने के बावजूद मामले को लंबे समय तक दबाए रखा और पुलिस ने प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की। उन्होंने इसे लाखों छात्रों के भविष्य पर गंभीर प्रहार बताया।

21 मई को होगा भाजपा मुख्यालय का घेराव:-

चतुर्वेदी ने कहा कि लगातार नीट परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में केंद्र सरकार विफल रही है और जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में 21 मई को सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय का घेराव कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय जयपुर में एकत्रित होंगे और वहां से जुलूस के रूप में शहीद स्मारक होते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेगी।