Road Accident: स्टंटबाजी पड़ी भारी, बेकाबू कार बेकरी में घुसी; हादसे में 5 युवक घायल

जयपुर। राजधानी जयपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। सिरसी रोड स्थित विशनावाला इलाके में स्टंट कर रहे युवकों की बेकाबू कार सड़क किनारे एक बेकरी में जा घुसी। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, युवक तेज रफ्तार में कार चलाते हुए स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए सड़क किनारे स्थित बेकरी में जा घुसी। हादसे के समय मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
करणी विहार थानाधिकारी हवासिंह यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में घायल पांचों युवकों का उपचार जारी है, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।