MGSU: सम सेमेस्टर जून परीक्षा-2026 के ऑनलाइन आवेदन 8 जुलाई से शुरू

बीकानेर। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (एमजीएसयू), बीकानेर ने सम सेमेस्टर जून परीक्षा-2026 के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और परीक्षा पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी 8 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित तिथियों में बिना विलंब शुल्क, विलंब शुल्क तथा दोगुने परीक्षा शुल्क के साथ आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजाराम चोयल ने बताया कि स्नातक एवं स्नातकोत्तर के नियमित, भूतपूर्व, स्वयंपाठी तथा संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा आवेदन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज अपने संबंधित महाविद्यालय में निर्धारित समय के भीतर जमा कराने होंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन करें। आवेदन भरते समय नाम, विषय, श्रेणी, जन्मतिथि सहित सभी व्यक्तिगत जानकारियों का सावधानीपूर्वक मिलान कर लें, ताकि बाद में किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी का सामना न करना पड़े।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुल्क, आवेदन की अंतिम तिथि, विस्तृत कार्यक्रम और अन्य दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट एवं परीक्षा पोर्टल पर उपलब्ध हैं। किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में विद्यार्थी विश्वविद्यालय की ओर से जारी हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को केवल अधिकृत वेबसाइट के जरिए ही आवेदन करने की सलाह दी गई है।