Crime News: पत्नी ने सुपारी देकर करवाया पति का मर्डर, कट्टे में डालकर कुए में फेंका शव; ऐसे खुला पूरा राज

post 153

प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में सालमगढ़ थाना पुलिस ने 26 जून को दलोट स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास एक कुएं से कट्टे में मिले शव के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके पड़ोसी दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि कुएं से बरामद शव की पहचान भचूंडला निवासी 53 वर्षीय शंकरलाल मीणा के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और परिजनों, रिश्तेदारों व ग्रामीणों से पूछताछ की।

जांच में सामने आया कि 24 जून को तीन युवक शंकरलाल के घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने शंकरलाल के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को एक काले कट्टे में भरकर दलोट के खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी तुलसीबाई और पड़ोसी दुकानदार मोहम्मद वाहिद कुरैशी पिछले करीब दो महीने से हत्या की साजिश रच रहे थे। आरोप है कि इस वारदात के बदले पांच लाख रुपये और वाहिद को आधा बीघा जमीन देने का सौदा हुआ था। साथ ही मृतक की जमीन बेचने से मिलने वाली रकम, जमीन पर बिना किराए दुकान चलाने और मकान पर कमरा बनाकर रहने जैसी बातों पर भी सहमति बनी थी।

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत मोहम्मद वाहिद ने मध्यप्रदेश से तीन लोगों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने तुलसीबाई और मोहम्मद वाहिद पुत्र मोहम्मद इस्माइल, निवासी पिपलोदा, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।