राजस्थान की टेक्सटाइल फैक्ट्री में भीषण आग: हजारों कपड़ों के थान राख, 7 दमकलों ने पाया काबू

post 1528 (1)

पाली। राजस्थान के औद्योगिक शहर पाली में मंगलवार देर रात एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मंडिया रोड स्थित आगम टेक्सटाइल फैक्ट्री के गोदाम में रखे लाखों रुपये के कपड़े जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 9:30 बजे फैक्ट्री के फोल्डिंग हॉल (नंबर 220-221) से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे गोदाम में फैल गई। आग की तीव्रता को देखते हुए पाली के साथ-साथ सोजत सिटी से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन:-

अग्निशमन विभाग के अनुसार, कुल 7 दमकल वाहनों ने 54 फेरे लगाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों और आसपास की फैक्ट्रियों ने भी पानी उपलब्ध कराकर राहत कार्य में सहयोग दिया। कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार तड़के करीब 4 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

सिंथेटिक कपड़ों ने बढ़ाई चुनौती:-

फैक्ट्री से जुड़े राहुल ने बताया कि गोदाम में 7 से 8 हजार कपड़े के थान रखे हुए थे। विशेषज्ञों के अनुसार, सिंथेटिक कपड़े अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं, जिससे आग तेजी से फैलती है। आग लगने पर यह कपड़ा पिघलकर चिपकने लगता है, जिससे आग बुझाना और अधिक मुश्किल हो जाता है।

दमकल टीम ने संभाला मोर्चा:-

अग्निशमन अधिकारी रामलाल गहलोत के नेतृत्व में फायर टीम ने पूरी रात आग बुझाने का काम जारी रखा। टीम में पारस गहलोत, कमलकिशोर, राहुल, डिम्पल, अशोक, महेंद्र, रमेश, आशीष, सुमेर चौधरी और अमृत आदिवाल शामिल रहे।

फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

“आग की शुरुआत फोल्डिंग हॉल से हुई थी। कारणों की जांच की जा रही है।”
— रामलाल गहलोत, अग्निशमन अधिकारी

You may have missed