दूध कारोबार में बढ़त से भड़की जलन, साथी व्यापारी ने 1 लाख की सुपारी देकर मुंबई से बुलाया शूटर और फिर…

post 1530 (1)

उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां किसी पुरानी दुश्मनी नहीं बल्कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा ने एक व्यक्ति को अपराध की राह पर धकेल दिया। पुलिस ने बुजुर्ग दूध व्यापारी शंकर लाल पर हुए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि हमले का मास्टरमाइंड शंकर लाल का ही साथी दूध व्यापारी लक्ष्मण सिंह है। दोनों एक ही क्षेत्र में दूध सप्लाई का काम करते थे, लेकिन हाल के समय में शंकर लाल का कारोबार तेजी से बढ़ रहा था, जिससे लक्ष्मण सिंह में जलन पैदा हो गई।

सुपारी देकर रची साजिश:-

लक्ष्मण सिंह ने अपने दोस्त मनीष के जरिए मुंबई से बदमाशों को बुलाया और शंकर लाल की हत्या के लिए करीब एक लाख रुपये में सौदा तय किया। आरोपियों ने पहले शंकर की रेकी की और उनके आने-जाने के रास्तों की पूरी जानकारी जुटाई।

रास्ते में घेरकर किया हमला:-

2 अप्रैल की सुबह जब शंकर लाल बाइक से दूध सप्लाई के लिए निकले, तभी तीन बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में एक चाकू उनकी पीठ में फंस गया। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए, लेकिन राहगीरों की मदद से समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उनकी जान बच गई।

100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से खुला राज:-

मामले की जांच में पुलिस ने आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार जांच के बाद शक की सुई लक्ष्मण सिंह पर जाकर रुकी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा अपराध कबूल कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने लक्ष्मण सिंह और उसके साथी टीकम चंद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हमले में शामिल तीन अन्य बदमाश और मुंबई में मौजूद आरोपी मनीष अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

You may have missed