खाजूवाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 13.35 लाख रुपये बरामद

खाजूवाला, खाजूवाला थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को चक 17 बीडी निवासी गिरधारीराम मेघवाल ने खाजूवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी ढाणी में रात के समय घर में घुसकर संदूक में रखी करीब 22 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। मामले में सोहनलाल, बूटासिंह और दुलीचंद नायक पर चोरी का आरोप लगाया गया था।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज एवं जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) , वृत्ताधिकारी खाजूवाला तथा थानाधिकारी के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहनलाल, बूटासिंह और दुलीचंद नायक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और अनुसंधान के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 13 लाख 35 हजार रुपये बरामद किए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा चोरी की शेष राशि और अन्य तथ्यों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।