लूणकरणसर: बस स्टैंड पर सवारी को लेकर विवाद, रोडवेज कर्मियों पर धारदार हथियार से वार करने के प्रयास का आरोप

post 672 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर बस स्टैंड पर सवारी बैठाने को लेकर रोडवेज कर्मियों और लोक परिवहन बस के चालक-परिचालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला तनावपूर्ण हो गया। घटना के दौरान बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला।

जानकारी के अनुसार रोडवेजकर्मी संतोष सिंह और परजीत सिंह निवासी पदमपुर ने पुलिस थाने में परिवाद देकर बताया कि 13 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे वे रोडवेज बस लेकर लूणकरणसर पहुंचे थे। इसी दौरान सवारियां बैठाने को लेकर लोक परिवहन बस के चालक और परिचालक से विवाद हो गया।

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए रोडवेज कर्मचारियों से मारपीट की कोशिश की तथा धारदार हथियार दिखाकर धमकाया। इस दौरान रोडवेज बस चालक कुलदीप सिंह और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

रोडवेज कर्मियों का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान टिकट मशीन और किराये की नकदी छीन ली गई। वहीं मारपीट में चालक कुलदीप सिंह को चोटें आईं, जिनका मेडिकल करवाया गया है।

पुलिस ने परिवाद प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं बस स्टैंड पर हुई इस घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।