Khatu Shyam Ji: 25 जून से शुरू होगा विशाल मेला, सतरंगी फूलों और ड्राई-फ्रूट्स से होगा बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार

post 856 (1)

राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी कस्बे स्थित विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी खाटूधाम में बाबा श्याम का दो दिवसीय मासिक मेला 25 जून से शुरू होगा। इस बार मेला निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित हो रहा है, जिसके चलते देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मेले को लेकर श्री श्याम मंदिर कमेटी और प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान एवं थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। दर्शन पंक्तियों, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल, छाया, चिकित्सा और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

निर्जला एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष और मनमोहक श्रृंगार किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली और कोलकाता से मंगाए गए सतरंगी फूलों एवं ड्राई-फ्रूट्स का उपयोग किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर को भी विशेष सजावट से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले के दौरान पुलिस, आरएसी, होमगार्ड्स और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा करीब 260 सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।

निर्जला एकादशी के इस विशेष अवसर पर खाटूधाम में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।