राजस्थान: ANTF की बड़ी कार्रवाई, 7 साल से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर केरल से गिरफ्तार

post 854 (1)

राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी रंजीत दायमा उर्फ रंजीत बंजारा को केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए ANTF ने विशेष अभियान “ऑपरेशन यमलकमली” चलाया और करीब 2500 किलोमीटर दूर जाकर उसे दबोच लिया।

ANTF के आईजी विकास कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश के नीमच जिले का निवासी रंजीत लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। फलोदी पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पिछले सात वर्षों से फरार चल रहा था और पहचान छिपाने के लिए केरल में कंबल बेचने का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी भले ही ज्यादा शिक्षित नहीं है, लेकिन वह कन्नड़, तेलुगू और मलयालम सहित कई भाषाएं बोल लेता है। इसी का फायदा उठाकर वह स्थानीय लोगों के बीच घुलमिल गया और खुद को मलयाली बताकर पुलिस की नजरों से बचता रहा।

जांच के दौरान ANTF ने पहले उसके सहयोगी रमेश को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में रंजीत के केरल में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने केरल पहुंचकर स्थानीय कारीगरों के वेश में कई दिनों तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल पर कंबल बेचने के बहाने पहाड़ी क्षेत्रों में आता-जाता है। इसी आधार पर टीम ने ग्राहक बनकर उससे संपर्क किया और सुनियोजित तरीके से उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई के बदले प्रति किलो 500 रुपये तक कमीशन प्राप्त करता था। एक खेप में 100 से 500 किलो तक माल की खरीद-फरोख्त होने पर उसे 50 हजार से 2 लाख रुपये तक की कमाई हो जाती थी।

फिलहाल ANTF आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।