खाजूवाला: 17 बीडी गांव में चोरी की बड़ी वारदात, ढाणी से 30 लाख रुपये नकद पार

post 739 (1)

खाजूवाला, खाजूवाला थाना क्षेत्र के 17 बीडी गांव में एक किसान की ढाणी में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 30 लाख रुपये चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना मिलने पर खाजूवाला थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और एमओबी टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पीड़ित किसान गिरधारीराम पंवार ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी जमीन बेचकर प्राप्त राशि घर में रखी थी। घर में करीब 50 लाख रुपये नकद रखे गए थे, जिनमें से लगभग 30 लाख रुपये चोरी होने की आशंका है। हालांकि, चोरी गई राशि का सही आंकड़ा नकदी की गिनती पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। फ़िलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।