खाजूवाला: ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई; स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

खाजूवाला। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.98 ग्राम स्मैक और एक टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु पुत्र शंकरलाल मेघवाल के रूप में हुई है। उसे खाजूवाला स्टेडियम के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई खाजूवाला सीओ आकांक्षा के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी सुरेंद्र प्रजापत के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मामले की आगे की जांच दंतौर थाना प्रभारी को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर स्मैक सप्लाई नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।