खाजूवाला: खुले ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से गाय की मौत, विद्युत विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

post 752 (1)

खाजूवाला। कस्बे के वार्ड संख्या 22 में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। घटना सीओ कार्यालय के सामने केंद्रीय विद्यालय के गेट के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के नजदीक हुई।

जानकारी के अनुसार सड़क किनारे खुले में लगे ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से गाय को करंट लग गया, जिससे गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर लंबे समय से बिना पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी के लगा हुआ है। केंद्रीय विद्यालय के पास होने के कारण यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और राहगीरों का आवागमन रहता है, ऐसे में किसी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।

ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर के आसपास उचित सुरक्षा प्रबंध करने और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।