तेज रफ्तार एसयूवी का कहर, बाइक सवार युवक की मौत

post 515 (1)

जयपुर। राजधानी में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देर रात एक एसयूवी ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक वाहन के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान मौके पर मौजूद दो लोगों ने पीछा कर एसयूवी को रुकवाया। आरोप है कि वाहन में सवार कुछ युवक नशे की हालत में थे और गाड़ी एक एमबीबीएस छात्र चला रहा था। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर अस्पताल और थाने के बाहर धरना देने की चेतावनी दी है।

रामनगरिया थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि दौसा निवासी 28 वर्षीय राकेश मीना अपने परिवार के साथ जगतपुरा के आरती नगर में रहता था। देर रात वह कुम्भा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल राकेश को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राकेश मीना पहले ब्यावर में रहता था और करीब पांच दिन पहले ही पत्नी तथा दो बेटों दक्ष और कृष्णा के साथ जयपुर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी में बीयर की बोतलें भी मौजूद थीं। वहीं परिजनों ने शव के साथ छेड़छाड़ और घटना की सूचना देर से दिए जाने के आरोप लगाए हैं। मृतक के पिता मुरलीधर ने दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर धरना देने की चेतावनी दी है।

You may have missed