जमीन विवाद में खूनी वारदात, भतीजे पर चाचा की गोली मारकर हत्या का आरोप

भरतपुर जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र स्थित चक सहना गांव में बुधवार सुबह पारिवारिक जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि भतीजे ने अपने ही बुजुर्ग चाचा को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, चक सहना निवासी साहब सिंह मीणा और उनके परिजनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान साहब सिंह के भतीजे अनिल उर्फ अन्नू मीणा ने उन पर गोली चला दी। गोली सीने में लगने से साहब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही गिर पड़े।
ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही उच्चैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बयाना सीओ सुरेश कुड़ी भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुराने जमीन विवाद से जुड़ा सामने आया है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।