राजस्थान में हृदयविदारक सड़क हादसा: 2 पुलिसकर्मियों समेत 3 की मौत, आरोपी को ले जा रहे थे

post 227 (1)

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में जीआरपी के दो पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे-48 पर मांडल चौराहे के ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाना के भीलवाड़ा चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल लेखराज बागड़ी (55) और कांस्टेबल रविंद्र कुमार जाट (48) बाइक चोरी के आरोपी छोटू भील (40) को लेकर मांडल से भीलवाड़ा जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण आरोपी को बाइक से ले जाया जा रहा था।

सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मांडल ओवरब्रिज पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल आरोपी छोटू भील को पहले मांडल अस्पताल और बाद में भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। मृतकों के शव मांडल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। एक साथ दो जांबाज पुलिसकर्मियों की मौत की खबर से भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

You may have missed