Hanumangarh: एआई से युवती का कथित आपत्तिजनक वीडियो बनाने का आरोप, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी, जानिए फिर क्या हुआ

हनुमानगढ़। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देने और पूर्व में दर्ज मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव पंडितांवाली निवासी रोहिताश उर्फ रोहित जाखड़, किरण, रेखा, राजेश और मीरादेवी पिछले करीब दो सप्ताह से उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि आरोपी उसे कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं और मार्च माह में दर्ज मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, युवती की पूर्व शिकायत पर 13 मार्च को आरोपी किरण, रेखा और रोहित जाखड़ के खिलाफ छेड़छाड़ और अभद्र भाषा के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी, जिसे हाल ही में जमानत मिली है।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष और उनके परिजन अब दोबारा उसे परेशान कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने कथित रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दी है। पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।