Gold Silver Price Today: सोना हुआ सस्ता, चांदी भी फिसली, जानें आज की नई कीमतें

post 199 (1)

Gold Silver Price Today: गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू वायदा बाजार में भी दोनों की कीमतें दबाव में नजर आईं। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सुबह करीब 9:20 बजे सोने का भाव 0.31 फीसदी यानी 506 रुपये की गिरावट के साथ 1,61,680 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के चलते सोने की कीमतों में यह गिरावट आई है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले सरकार द्वारा सोने-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15 फीसदी किए जाने के बाद सोने के दाम में करीब 6 फीसदी की तेज उछाल दर्ज की गई थी।

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर चांदी का भाव 1.69 फीसदी यानी 5,088 रुपये टूटकर 2,95,150 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

वैश्विक संकेतों पर बाजार की नजर:-

फिलहाल निवेशकों की नजर अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर टिकी हुई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच जारी उच्चस्तरीय वार्ता को बाजार के लिए अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच संभावित व्यापार समझौते और वैश्विक तनाव में कमी से सोने की कीमतों पर दबाव बन सकता है।

वैश्विक बाजार में भी नरमी:-

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। कॉमेक्स पर सोना 0.51 फीसदी गिरकर 4,682.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि स्पॉट गोल्ड 4,672.52 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।

वहीं चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। कॉमेक्स पर चांदी 2.50 फीसदी गिरकर 87.13 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर 86.40 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई।