सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो करना पड़ा भारी, पुलिस ने 9 युवकों को किया गिरफ्तार

post 681 (1)

नागौर। सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों को फॉलो, लाइक और प्रचारित करने वालों के खिलाफ नागौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से नौ युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा, हैरी बॉक्सर, राजू मांजू सहित अन्य अपराधियों से जुड़ी पोस्ट को लाइक, शेयर और फॉलो करने वाले युवाओं पर लंबे समय से निगरानी रखी जा रही थी। जांच के बाद पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर नौ युवकों को गिरफ्तार किया।।

एएसपी आशाराम चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकता है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई आईपीएस जतिन जैन के नेतृत्व में की गई, जिसमें पांचौड़ी, खींवसर, मेड़तारोड, कुचेरा, श्रीबालाजी और मेड़ता सिटी थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। गिरफ्तार युवकों में बबलू, महावीर, ओमप्रकाश, सुरेंद्र विश्नोई, पिंटू, सुरेंद्र उर्फ सोपू, रामस्वरूप, बजरंगनाथ और रवि प्रकाश शामिल हैं।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी गैंगस्टर या अपराधी से जुड़ी सामग्री को बढ़ावा न दें। ऐसे मामलों में शामिल पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

नागौर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपराधिक गतिविधियों, गैंगस्टरों के प्रचार और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट पर विशेष नजर रखी जा रही है। युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखने और समाज में सकारात्मक माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।