Accident News: कार-बाइक की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौत, चालक वाहन छोड़कर फरार

post 680 (1)

धौलपुर। सैंपऊ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-123 पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा तसीमों पार्वती पुल के आगे नर्सरी के पास हुआ, जहां एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत शनिवार रात को ही हो गई, जबकि दूसरे ने रविवार तड़के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 20 वर्षीय प्रशांत पुत्र रज्जो निवासी डरूपुरा और 21 वर्षीय शिवा पुत्र पप्पू निवासी अयेला (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों कुम्हेरी गांव स्थित एक ईंट-भट्टे पर मजदूरी करते थे। शनिवार रात वे तसीमो कस्बे से राशन खरीदकर बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फ़िलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।