बीकानेर: सड़क किनारे खड़े ट्रक में मिला चालक का शव, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर। भारतमाला रोड पर किसनासर रोही क्षेत्र में एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 49 वर्षीय राधेश्याम विश्नोई निवासी आदमपुर मंडी, हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राधेश्याम ट्रक लेकर भारतमाला मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान 12 जून की शाम उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। उन्होंने ट्रक मालिक सुनील बोहरा को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी। ट्रक मालिक ने उन्हें दवा लेने और आराम करने की सलाह दी।
इसके बाद चालक ने ट्रक को भारतमाला रोड स्थित एक रेस्ट एरिया के पास खड़ा कर दिया। कुछ समय बाद जब आसपास के लोगों ने ट्रक में देखा तो राधेश्याम अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला हार्ट अटैक से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।