जयपुर: ACB की बड़ी कार्रवाई, बेंगलुरु पुलिस के तीन कर्मी 40 हजार की रिश्वत लेते ट्रैप

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सब इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे। आरोप है कि उन्होंने परिवादी से मामले में राहत देने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई की। इसी दौरान जयपुर के होटल गणगौर में 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
यह कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई डीआईजी ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में तथा डीजी गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर अंजाम दी गई।
एसीबी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।