बड़े भाई ने यूट्यूब देखने से रोका…छोटे ने लगा लिया फंदा, जांच में जुटी पुलिस

post 140 (1)

अजमेर से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जिसने बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत और उसके असर को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा के एक छात्र ने मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद:-

जानकारी के अनुसार, छात्र का बड़ा भाई हाल ही में दसवीं की परीक्षा पास कर छुट्टियों में घर आया था और उसके पास एंड्रॉयड फोन था। छोटा भाई उसी फोन पर अक्सर यूट्यूब और सोशल मीडिया देखता था। शुक्रवार शाम भी वह फोन इस्तेमाल कर रहा था, तभी बड़े भाई के दोस्त का फोन आया और उसने अपना मोबाइल वापस ले लिया। इसी बात से छोटा भाई नाराज हो गया और गुस्से में दूसरे कमरे में चला गया।

कुछ ही देर में हो गई घटना:-

करीब 20 मिनट तक जब वह बाहर नहीं आया, तो बड़े भाई को शक हुआ। उसने कमरे के दरवाजे से झांककर देखा तो छोटा भाई फंदे से लटका मिला। उस समय घर पर माता-पिता मौजूद नहीं थे, वे काम पर गए हुए थे।

पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी छोटूलाल के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा।

प्रारंभिक तौर पर यह मामला मोबाइल की लत और उससे उपजी नाराजगी से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।