MD Drugs: राजस्थान में एमडी ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ा वार, 100 किलो से ज्यादा प्रतिबंधित रसायन जब्त, 5 गिरफ्तार

जोधपुर। एमडी ड्रग्स के निर्माण में प्रयुक्त प्रतिबंधित रसायनों की बड़ी खेप जब्त करते हुए जोधपुर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 100 किलोग्राम से अधिक विभिन्न केमिकल और एसिड बरामद किए गए हैं, जिन्हें जोधपुर से बाड़मेर सप्लाई किया जाना था। इस संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कार की डिक्की में एसीटोन, टोल्यूनि, ब्रोमो-2 तथा हाइड्रोक्लोरिक एसिड से भरे ड्रम छिपाकर रखे थे। तेज गर्मी के चलते इन रसायनों से आग लगने या विस्फोट जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका भी बनी हुई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जालोर जिले के मोखातरा निवासी ओमप्रकाश विश्नोई, अनिल विश्नोई, पूनासा निवासी कुलदीप विश्नोई, बाड़मेर के फागलिया निवासी रामनिवास विश्नोई तथा जालोर के कोटड़ा निवासी संदीप कुमार विश्नोई के रूप में हुई है। सभी को झालामंड क्षेत्र स्थित एक मकान से हिरासत में लिया गया।
मामले की जांच झंवर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह को सौंपी गई है। पुलिस टीम में एएसआई तनसुख और कॉन्स्टेबल अशोक व अमराराम शामिल थे। पुलिस के अनुसार रामदेव विहार इलाके में एक मकान के बाहर एक फॉर्च्यूनर और बिना नंबर की कार खड़ी मिलने पर संदेह हुआ, जिसके बाद मकान पर दबिश दी गई। पूछताछ के दौरान आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके बाद उन्हें वाहनों सहित थाने लाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ओमप्रकाश ने फॉर्च्यूनर वाहन को अपना बताया, जिसमें संदिग्ध रसायन रखे हुए थे। जांच में यह भी सामने आया कि ओमप्रकाश और कुलदीप अपनी स्कोडा कार से पाली जिले के बर क्षेत्र पहुंचे थे, जहां से उन्हें रसायनों से भरा वाहन सौंपा गया। पुलिस से बचने के उद्देश्य से आरोपियों ने रास्ते में वाहन बदले और जोधपुर पहुंचे।