Crime News: घर में घुसकर खूनी संघर्ष… बुजुर्ग दंपति सहित 4 घायल; घटना CCTV में कैद 

post 900 (1)

अलवर। जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के जैतपुर (बड़ा) गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी, डंडों, पत्थरों और कुल्हाड़ी से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मारपीट की। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।

ट्रैक्टर लेकर पहुंचा आरोपी, फिर बुलाए साथी

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब आरोपी राजकमल मीणा ट्रैक्टर लेकर पीड़ित परिवार के घर के बाहर पहुंचा। वहां मौजूद महिलाओं से कहासुनी होने के बाद उसने अपने परिजनों और अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोप है कि शाम करीब 7 बजे सभी लोग हथियारों के साथ एकत्र होकर पीड़ित के घर पहुंच गए और हमला कर दिया।

महिलाओं और बुजुर्गों को बनाया निशाना

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही तोड़फोड़ और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कुल्हाड़ी से किए गए वार में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची दूसरी महिला तथा एक बुजुर्ग दंपति को भी लाठी-डंडों से पीटा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावर महिलाओं के साथ अभद्रता कर उनके सोने के आभूषण भी लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकियां देते हुए वहां से भाग निकले। घायलों को तत्काल किशोरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि यह पूरी खूनी वारदात उनके घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जो आरोपियों को सजा दिलाने में बड़ा सबूत बनेगी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न गंभीर धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच आरपीएस अधिकारी रश्मि जोरवाल को सौंपी गई है। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।