प्रेमिका को बाइक पर बैठाकर जा रहा था पति, बीच रास्ते पत्नी ने पकड़कर की पिटाई

post 899 (1)

जयपुर। राजधानी के व्यस्त टोंक रोड पर गुरुवार को पति, पत्नी और एक अन्य महिला के बीच सड़क पर हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गांधी नगर रेलवे स्टेशन के सामने हुए इस घटनाक्रम के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ बाइक पर जाते देख लिया। इसके बाद उसने दोनों का पीछा किया और गोल्डन लीफ बिल्डिंग के सामने बाइक रुकवाकर उनसे बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कहासुनी मारपीट में बदल गई।

बताया जा रहा है कि महिला को लंबे समय से अपने पति पर किसी अन्य महिला के साथ संबंध होने का संदेह था। महिला का आरोप था कि उसका पति घर में उसके साथ मारपीट करता है और उसे प्रताड़ित करता रहा है। इसी वजह से वह कुछ समय से पति की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

महिला ने मौके पर दूसरी महिला से भी हाथापाई की। बीच-बचाव करने पहुंचे पति के साथ भी उसकी कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए।

करीब 15 मिनट तक चले इस हंगामे से यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बाद में आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया, जिसके बाद सभी लोग वहां से चले गए।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, लेकिन अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और आवश्यक जांच की जा रही है।

You may have missed