Crime News : ससुराल जा रहे 2 युवकों को ग्रामीणों ने लोहे की खिड़की से बांधकर पीटा, बाद में पता चला रिश्तेदार हैं

post 866 (1)

पाली। जिले के रोहट क्षेत्र स्थित बागडिया गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ग्रामीणों ने चोरी के संदेह में दो युवकों को पूरी रात बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की। बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक चोर नहीं, बल्कि अपने रिश्तेदारों के यहां आए हुए थे।

पुलिस के अनुसार, अबकीया की ढाणी निवासी मलाराम बावरी और खारड़ा निवासी गोविंद बावरी सोमवार रात बाइक से बागडिया गांव गांव जा रहे थे। मलाराम का यहां ससुराल है, जबकि गोविंद अपने ननिहाल आया था।

बताया जा रहा है कि गांव में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं के चलते ग्रामीण रात में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर पहुंचे दोनों युवकों पर ग्रामीणों को संदेह हो गया। आरोप है कि बिना सत्यापन किए उन्हें पकड़ लिया गया।

पीड़ितों का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने दोनों युवकों को रस्सियों से बांधकर पूरी रात मारपीट की। इस दौरान युवकों ने खुद को रिश्तेदार बताते हुए छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन उनकी बात पर विश्वास नहीं किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया। मंगलवार सुबह सूचना पर रोहट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को मुक्त कराया। गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें पहले रोहट अस्पताल और बाद में बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया।

पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।