बीकानेर में ऑपरेशन ‘उमंग-7’ के तहत बाल श्रमिक मुक्त, दुकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर। मानव तस्करी विरोधी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ, जिला बीकानेर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन ‘उमंग-7’ के तहत एक बाल श्रमिक को मुक्त करवाया है। यह कार्रवाई कोटगेट क्षेत्र के सांखला फाटक के पास स्थित महालक्ष्मी स्टोर पर की गई।
अधिकारियों के अनुसार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (सिविल राइट्स एवं AHT) राजस्थान जयपुर के निर्देशों तथा महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) अनुष्ठा कालिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अनुसंधान सेल) सुभाष गोदारा द्वारा किया गया।
कार्रवाई के दौरान दुकान से एक बाल श्रमिक को मुक्त करवाकर पुनर्वास हेतु बाल कल्याण समिति, बीकानेर को सुपुर्द किया गया। मामले में दुकान मालिक के खिलाफ कोटगेट थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में मानव तस्करी विरोधी एवं गुमशुदा व्यक्ति प्रकोष्ठ की टीम शामिल रही, जिसमें पुलिस निरीक्षक रेणुबाला, सहायक उप निरीक्षक शिशपालराम तथा कांस्टेबल रामनिवास ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।