बीकानेर: भेड़ को बचाने उतरा युवक नहर में डूबा, हुई मौत बचाने कूदे भाई को ग्रामीणों ने बचाया; पढ़े खबर

post 868 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर क्षेत्र के उदेशिया गांव के पास कंवरसेन लिफ्ट नहर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में गिरी भेड़ को बचाने के प्रयास में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके सगे भाई को समय रहते बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, खिलेरिया निवासी भेड़ पालक पंजाब से भेड़ें लेकर आए थे। उदेशिया के निकट नहर पर भेड़ों को पानी पिलाने के दौरान एक भेड़ अचानक फिसलकर नहर में गिर गई। उसे बचाने के लिए 26 वर्षीय डूंगरराम पुत्र आसाराम नहर में उतर गया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह डूबने लगा। भाई को डूबता देख दौलतराम पुत्र आसाराम ने भी उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। दोनों भाई गहरे पानी में फंस गए।

इस दौरान उनके साथ मौजूद भादरराम पुत्र फुसाराम ने भी मदद के लिए नहर में छलांग लगाई, लेकिन वह भी बहाव की चपेट में आ गया। हालांकि, वह किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही पास के खेत से लौट रहे उदेशिया निवासी मनीराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए नहर में छलांग लगाकर बेहोश हालत में दौलतराम को बाहर निकाल लिया। मनीराम को बताया गया कि नहर में एक और युवक डूबा है। उन्होंने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।

सूचना पर लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से सर्च अभियान शुरू किया गया। काफी प्रयास के बाद डूंगरराम को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल घायल दौलतराम और भादरराम का उपचार जारी है।