Crime News : ये क्या! प्रधानमंत्री का मुखौटा पहनकर आए चोर, उड़ाए लाखों कीमत के स्मार्टफोन; सीसीटीवी फुटेज वायरल

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से चोरी की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शातिर चोरों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर एक मोबाइल शोरूम को निशाना बनाया और लाखों रुपए कीमत के 40 से अधिक स्मार्टफोन चुरा ले गए। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अंजाम दी गई इस वारदात की सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
छत से दाखिल होकर दुकान को बनाया निशाना
घटना भीलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित “मातेश्वरी मोबाइल जोन” की है। दुकान के मालिक लक्ष्मण सैन को इस वारदात का पता सोमवार सुबह तब चला, जब उन्होंने रोज की तरह अपनी दुकान का शटर खोला। दुकान के अंदर का दृश्य देखकर वे सन्न रह गए, फर्श पर महंगे मोबाइल फोनों के खाली डिब्बे और सामान बिखरा पड़ा था।
जांच में सामने आया कि चोरों ने पहले दुकान की छत तक पहुंचने का रास्ता खोजा और वहां लगे लोहे के गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने विभिन्न नामी कंपनियों के करीब 30 से 40 नए एंड्रॉइड और आईओएस स्मार्टफोन समेटे और रफूचक्कर हो गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।
एक ही रात में दूसरी दुकान पर भी की चोरी की कोशिश
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस को बताया कि इन चोरों ने उसी रात कस्बे के व्यस्त बीज गोदाम चौराहा स्थित “सांवरिया मोबाइल” की दुकान में भी सेंध लगाने की कोशिश की थी। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में लोहे का सरिया लिए शटर का ताला तोड़ने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कैमरे की पकड़ और पहचान से बचने के लिए आरोपी ने चेहरे पर हूबहू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दिखने वाला प्लास्टिक मुखौटा पहन रखा था।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने दर्ज किया मामला
जैसे ही सुबह इस चोरी और चोरों के अनोखे तरीके की जानकारी फैली, पूरे करेड़ा कस्बे में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में व्यापारी और ग्रामीण मातेश्वरी मोबाइल जोन के बाहर एकत्रित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
सूचना मिलते ही करेड़ा थानाधिकारी पूरण मल मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित दुकान मालिक लक्ष्मण सैन की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यापार मंडल ने थानाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की है।