Crime News: नंबर प्लेट और रंग बदलकर बेचते थे चोरी की कारें, गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

post 509 (1)

दौसा। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक कार भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह आधुनिक तकनीक की मदद से लग्जरी और महंगे वाहनों को निशाना बनाता था तथा पहचान छिपाने के लिए उनके नंबर प्लेट और रंग तक बदल देता था।

पुलिस के अनुसार गणेश नगर निवासी सुनील शर्मा ने 23 मई 2026 को कोतवाली थाने में कार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दौसा, जयपुर, बस्सी, कानोता, बगरू, किशनगढ़ समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगे करीब 550 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही साइबर सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों और लोकेशन का विश्लेषण किया गया।

एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के नांदरी निवासी 22 वर्षीय योगेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले अपने रिश्तेदार रिंकू मीणा के साथ वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था, लेकिन बाद में उसने अपना अलग गिरोह बना लिया। गिरोह में अलवर जिले के कई युवकों को शामिल कर वाहन चोरी का नेटवर्क तैयार किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य चोरी से पहले वाहनों के सुरक्षा सिस्टम और सेंसर को निष्क्रिय कर देते थे, ताकि अलार्म सक्रिय न हो। इसके बाद चोरी किए गए वाहनों को मुख्य मार्गों और टोल नाकों से बचाते हुए कच्चे रास्तों से सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया जाता था।

एएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया कि आरोपी योगेश के खिलाफ अवैध हथियार रखने, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के प्रकरण दर्ज हैं। वह एक फायरिंग मामले में भी वांछित चल रहा था। जयपुर जिले से चोरी हुई एक अन्य कार के मामले में भी उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी जाएगी।

You may have missed