Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने की पत्नी की गला रेतकर हत्या; इलाके में फैली सनसनी

Crime News: झालावाड़, जिले के पिड़ावा क्षेत्र के कोटड़ी गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कोटड़ी गांव निवासी गोविंद बैरागी ने अपनी पत्नी कविता बैरागी (25) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि कविता पिछले तीन-चार महीनों से अपने पीहर में रह रही थी और शुक्रवार को ही ससुराल लौटी थी।
दोपहर के समय पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। इसी दौरान गोविंद ने धारदार हथियार से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल कविता को पिड़ावा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी गांव में ही रहा और ससुराल पक्ष को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका के पिता प्रेमचंद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोविंद और कविता का विवाह नाता प्रथा के तहत हुआ था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है, जिनमें एक चार साल का बेटा है, जबकि दूसरा बच्चा ननिहाल में रह रहा है। इस घटना से दोनों बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया।