Suicide: परीक्षा से एक दिन पहले NEET स्टूडेंट ने हॉस्टल में किया सुसाइड, पुलिस जांच में जुटी

post 19 (1)

कोटा। देश की प्रमुख मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 से ठीक पहले कोटा में एक दुखद घटना सामने आई है। कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने शनिवार सुबह कथित तौर पर सुसाइड कर लिया।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तराखंड निवासी दीक्षित प्रसाद (20) कोटा के कुन्हाड़ी इलाके में एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहे थे। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे छात्र ने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद हॉस्टल समेत आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में इसे सुसाइड का मामला माना जा रहा है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा 3 मई को आयोजित होने वाली है। ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या परीक्षा का दबाव इस कदम के पीछे कारण बना या कोई अन्य वजह रही।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। उनके कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed