Crime News: घरेलू विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की, सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत

post 79 (1)

बाड़मेर। जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र के पुषड गांव में शुक्रवार को दो सगे भाइयों के बीच चल रहा आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, पुषड गांव निवासी दो सगे भाइयों जेठाराम और सुरेश के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि बड़े भाई जेठाराम ने गुस्से में आकर छोटे भाई सुरेश पर लाठी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर वृताधिकारी (डीएसपी) मानाराम गर्ग और थानाधिकारी मनोहर विश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल व अन्य तकनीकी टीमों की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने मृतक सुरेश के शव को अपने कब्जे में लेकर शिव कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। इस मामले में एक भावुक और हैरान करने वाला मोड़ तब आया, जब मृतक के पिता तोगाराम ने खुद थाने पहुंचकर अपने बड़े बेटे जेठाराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द किया।

You may have missed