12वीं के छात्र की हत्या कर शव नहर में फेंका, लड़की से विवाद के चलते 2 दोस्त ही निकले कातिल; पढ़े खबर

हनुमानगढ़। जिले के नोहर थाना क्षेत्र के श्योरानी गांव में 17 वर्षीय छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र की हत्या करने के बाद उसका शव नहर में फेंक दिया गया। मृतक के दादा की रिपोर्ट पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप और सोनू को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच थाना प्रभारी अजय गिरधर के नेतृत्व में की जा रही है।
पुलिस के अनुसार श्योरानी निवासी शीशपाल पुत्र मोटाराम मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि उनका 17 वर्षीय पोता आयुष, गांव के राजकीय विद्यालय में कक्षा 12वीं का छात्र था। 29 जून की दोपहर आयुष के पास कुलदीप पुत्र जगदीश मेघवाल का फोन आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
शुरुआत में कुलदीप ने परिजनों को बताया कि वह और उसका साथी सोनू, आयुष को जबरासर छोड़कर आए थे। लेकिन परिजनों को शक होने पर जब उन्होंने गहराई से पता लगाया, तो सामने आया कि एक युवती को लेकर आयुष का कुलदीप और सोनू के साथ पुराना विवाद चल रहा था।
नहर में मिला शव, CCTV बना अहम सुराग:-
परिजनों की आशंका उस समय सच साबित हुई जब बुधवार को पुलिस को खुईयां फांटा नहर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। शिनाख्त करने पर वह शव आयुष का ही निकला। परिजनों का आरोप है कि कुलदीप और सोनू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आयुष की हत्या की और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंक दिया।
परिजनों के अनुसार, गांव में लगे एक निजी सीसीटीवी कैमरे में आयुष लापता होने वाले दिन दो युवकों के साथ बाइक पर जाता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस इस फुटेज को जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों नामजद आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।