Crime News: 8 दिन से लापता महिला का शव कुएं में मिला, चांदी के कड़े गायब होने से हत्या की आशंका

post 754 (1)

जयपुर। राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कुएं से महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 53 वर्षीय बीना देवी निवासी बल्लूपुरा के रूप में हुई है, जो पिछले आठ दिनों से लापता थीं।

पुलिस के अनुसार हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पास ढूंढ नदी किनारे स्थित एक कुएं से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने अंदर झांककर देखा, जहां महिला का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही शिवदासपुरा थाना पुलिस, सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।

सिविल डिफेंस की टीम ने शव को कुएं से बाहर निकाला, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस जांच में सामने आया कि बीना देवी 11 जून को दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थीं, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट शिवदासपुरा थाने में दर्ज करवाई थी।

पुलिस के अनुसार महिला मजदूरी का काम करती थीं। उनका शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर कुएं में मिला है। परिजनों का कहना है कि महिला ने पैरों में चांदी के कड़े पहन रखे थे, जो शव मिलने के समय गायब थे।

प्राथमिक जांच में लूटपाट के उद्देश्य से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

You may have missed