बस ने बाइक को मारी टक्कर, आईटीआई छात्र की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण

12

बस ने बाइक को मारी टक्कर, आईटीआई छात्र की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण

अनूपगढ़-सूरतगढ़ स्टेट हाईवे पर बस और बाइक में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार आईटीआई के छात्र की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। छात्र की मौत के बाद परिजनों से शव लेने से इनकार कर दिया और जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। मृतक छात्र के पिता राकेश कुमार ने बताया- उनका बड़ा बेटा चंद्रभान आईटीआई की पढ़ाई कर रहा है। कॉलेज से छुट्टी के बाद मंगलवार शाम को वो अपने दोस्त हरीश के साथ बाइक पर घर आ रहा था। जब चंद्रभान और हरीश गांव 75 जीबी के पास पहुंचे तो सड़क के बीचों-बीच चिकनी मिट्टी पड़ी हुई थी, उस पर से लगातार वाहन गुजरने से धूल हवा में उड़ रही थी। धूल के कारण सामने से ओवरटेक करती आ रही रोडवेज बस उन्हें दिखाई नहीं दी। उन्होंने बताया कि बस काफी तेज गति से आ रही थी और बस ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों की टक्कर से पीछे बैठा चंद्रभान बस की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरीश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया- पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। चंद्रभान का शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

मुआवजा, सरकारी नौकरी और बस परमिट रद्द करने की मांग
बुधवार को मृतक छात्र के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। उन्होंने जिला अस्पताल के बाहर विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों और परिजनों की मुख्य मांगों में बस ड्राइवर और मालिक को तुरंत गिरफ्तार करना, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा देना, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करना और बस के परमिट को रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट करना शामिल है।