बीकानेर: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर। लूणकरणसर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 7, लूणकरणसर निवासी रामेश्वरनाथ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पोता बीरबलनाथ पुत्र आमनाथ गैस गोदाम के पास पेंटिंग का कार्य करता था। बुधवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच वह दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहा था।
इसी दौरान एनएच-62 पर गैस गोदाम के सामने रोजा चौराहे की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बीरबलनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोटें आईं।
परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवादी ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के समय मोटरसाइकिल नारायणनाथ पुत्र मालनाथ गोड चला रहा था। रिपोर्ट के आधार पर लूणकरणसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुरेश सिंह कर रहे हैं।