बीकानेर: डिग्गी में गिरने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत, जांच में जुटी पुलिस

बीकानेर। जिले के देशनोक थाना क्षेत्र में खेत में बनी डिग्गी में गिरने से एक किसान की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार परिवादी मनफूल पुत्र बन्नाराम जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता बन्नाराम (52) खेत में बनी डिग्गी के पास कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे डिग्गी में गिर गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर देशनोक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल देशनोक थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।